वाराणसी के कैंट थाने के सब इंस्पेक्टर शिवप्रसाद सिंह (59) की शुक्रवार की देर रात बीएचयू अस्पताल में मौत हो गई। शिवप्रसाद सिंह की कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पुलिस महकमे के अनुसार, 10 माह बाद उन्हें सेवानृवित्त होना था।
इंस्पेक्टर कैंट राकेश सिंह ने बताया कि सब इंस्पेक्टर शिवप्रसाद सिंह बीते ढाई साल से कैंट थाने में तैनात थे। वह मूल रूप से मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना अंतर्गत सरौदा के रहने वाले थे। बीते 12 अगस्त को वह घर गए थे और वापस लौटकर आए तो उनकी तबीयत खराब थी। 16 अगस्त को उन्हें शिवपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शुक्रवार को उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें बीएचयू अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उधर, सब इंस्पेक्टर शिवप्रसाद सिंह की मौत होने पर सीओ कैंट मो. मुश्ताक, एसपी सिटी विकास चंद्र त्रिपाठी और एसएसपी अमित पाठक सहित अन्य अधिकारियों ने शोक जताते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।