वाराणसी। कोरोना संक्रमण लगातार तेजी से बढ़ता जा रहा है। सोमवार को एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई है। जिसके बाद कुल मरने वालों की संख्या 127 हो गई है। नए 112 मरीजो में रामनगर अस्पताल,अस्थायी जेल,डीएलडब्ल्यू सहित कई जगहों पर मरीज मिले हैं। आईएमएस बीएचयू के माइक्रोबायोलॉजी लैब से स्वास्थ्य विभाग को सोमवार को कुल 2656 सैंपल की रिपोर्ट मिली है।
सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि बीएचयू सुपरस्पेशियलिटी कांप्लेक्स में भर्ती बाबतपुर के कैथौली निवासी 21 वर्षीय युवक और गांधी नगर सिगरा निवासी 65 वर्षीय पुरुष और हरहुआ निवासी 50 वर्षीय महिला ने भी बीएचयू में दम तोड़ दिया है। इसके अलावा नए मरीजों में नरिया में दो महिलाओं समेत चार, लंका, इंदिरा नगर एक्सटेंशन में दो,वीडीए कॉलोनी शिवपुर, मुनारी बाजार, लकसा, हुकूलगंज अवधपुरी कॉलोनी कंचनपुर कन्दवा, भरथरा खुर्द, सर्वोदय मंदिर, महमूरगंज,शिवपुरवा, भिखारी दास गली चौखंबा, विद्या विहार कॉलोनी छितूपुर, दुर्गाकुंड, बिर्दोपुर, जलाली पुरा,विवेक पुरम कॉलोनी, चांदमारी अस्थाई जेल के साथ ही श्रद्धा विहार कॉलोनी नतिनिया दाई में 2 महिला समेत चार लोग संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा काजीपुरा,नदेसर, गुरुधाम, नवाबगंज, पिंडरा, बाबतपुर,साकेत नगर नरिया, अशोक नगर कॉलोनी, लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल रामनगर, अशफाक नगर, कबीर कॉलोनी बीएचयू, चंदन शहीद सीकर और चोलापुर, नाथूपुर, डीएलडब्लू कॉलोनी, न्यू कॉलोनी डीएलडब्लू,बड़ी खजूरी में भी मरीज मिले हैं। इसके अलावा होम आइसोलेशन में रहने वाले 115 और अस्पताल में भर्ती 12 लोग डिस्चार्ज किए गए। सीएमओ ने बताया कि कुल 6841 मरीजों में अब तक 5268 के डिस्चार्ज 127 की मौत के बाद अब 1446 एक्टिव केस हैं।
एक लाख के पार हुई सैम्पलिंग,11810 रिपोर्ट बाकी
जिले में कोरोना सैम्पलिग का आंकड़ा एक लाख के पार पहुंच गया है। इस बीच सोमवार को भी अलग-अलग जगहों से 3388 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। अब तक जिले में 1,00,283 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं जिसमें से 88473 की रिपोर्ट मिल चुकी है। जबकि 11810 सैंपल की रिपोर्ट अभी मिलनी बाकी है।
महिला आयुर्वेद चिकित्सक की मौत
वाराणसी। राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय रामेश्वर में कार्यरत चिकित्साधिकारी डॉ. साधना सिंह की सोमवार को कोविड ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोनिया में मोबाइल टीम में काम कर रही थी और सोमवार दोपहर उनकी मौत हो गई। उधर आयुर्वेदिक/ यूनानी चिकित्सा सेवा संघ के अध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय कुमार, सचिव डाक्टर बृजेश कुमार शर्मा ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को दिए पत्र में बताया कि बीमारी और मानसिक तनाव की वजह से मौत हुई है। शोक सभा मे पदाधिकारियों, डाक्टरो ने दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से डॉक्टर साधना सिंह की आत्मा की शांति की प्रार्थना की हैं। बताया जा रहा है कि डॉ. साधना एक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की पत्नी है।