वाराणसी। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच राहत भरी खबर है। मंडल में 35,000 एंटीजन किट आ गई है, जो मंगलवार को वाराणसी समेत मंडल के अन्य जिलों को पहुंच जाएंगी। इसके अलावा हाईफ्लोनोजल मशीन की व्यवस्था भी की जा रही है। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिलों में कोरोना मरीज के इलाज के लिए लेवल दो के अस्पताल हैं और यहां व्यवस्थाओं की लगातार मानिटरिंग करते रहने की जरूरत है।
मरीजों को खोजने के लिए चल रहे सर्विलांस अभियान में मिलने वाले पहले से गंभीर बीमारियों वाले लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल करते रहने का निर्देश दिया। कमिश्नर ने पंचायत घरों का निर्माण गांव की आबादी के करीब कराने को कहा, जिससे कि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ हो सके। इसके अलावा पंचायत घरों के निर्माण की क्वालिटी भी चेक करते रहने का निर्देश दिया। कहा कि ग्रामीण शौचालय में स्वच्छता का विशेष ख्याल रखा जाए। इस दौरान चंदौली, गाजीपुर में सामुदायिक शौचालय की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को कार्य प्रणाली में सुधार लाने का निर्देश दिया। कमिश्नर ने प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास योजना, गो पशु संरक्षण, बेसिक शिक्षा, किसान सम्मान निधि, बाल संरक्षण कार्य और 50 लाख से बड़ी परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की और अधिकारियों को इसके मानिटरिंग करते रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गो पशु संरक्षण केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण करते रहने की जरूरत है, जिससे कि गंदगी ना हो। सभी जिलाधिकारियों से बातचीत कर वहां कोरोना महामारी को एक चैलेंज के रूप में लेते हुए हर संभव प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया। बैठक में जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।