वाराणसी। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब जिले पहले से चल रहे कोविड हास्पिटल के अधिकांश वार्ड फुल हो जाने के बाद अब शनिवार से नए कोविड हास्पिटल में मरीजों को भर्ती कराया गया। जिले में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए दीनदयाल अस्पताल, ईएसआई, बीएचयू, आयुर्वेद कॉलेज, डीरेका अस्पताल को कोविड हास्पिटल चिन्हित किया गया है और यहां मरीजों को भर्ती किया गया है। लेकिन जिस तरह से मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है उसको देखते हुए स्वास्थ विभाग ने नए कोविड हास्पिटल में मरीजों को भर्ती करना शुरू कर दिया है। इसके लिए बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल और सेंट मैरी हॉस्पिटल लोहता को चिन्हित किया गया है। शनिवार को स्वास्थ विभाग की ओर से नए मरीजों को दोनों हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उधर जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के निर्देश पर कोरोना संक्रमित मरीजों को अस्पताल तक ले जाने के लिए तीन और एंबुलेंस लगा दिया गया है। तीन एंबुलेंस मिलने के साथ ही अब कुल 10 एंबुलेंस हो गए हैं। जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
कमिश्नर ने की तैयारियों की समीक्षा
कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने शनिवार को स्वास्थ विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक सैंपल लेने, जांच सहित अन्य कार्रवाई की समीक्षा की। इस दौरान कमिश्नर ने सीएमओ, एडिशनल सीएमओ,डिप्टी सीएमओ सहित अन्य अधिकारियों से कोरोना संक्रमण को देखते हुए अधिक से अधिक सैम्पलिंग और मरीजों की सुविधाओं पर ध्यान देने का निर्देश दिया। कमिश्नर ने अधिक से अधिक बेड बढ़ाने, वहां डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती करने के साथ ही समय से मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने, हॉटस्पॉट में विशेष निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही अलग-अलग नोडल अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की भी रिपोर्ट तलब की। बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन मरीजों को भर्ती करने के लिए किसी बड़े स्थान का भी चयन कर रहा है कि जहां मरीजों को एडमिट किया जा सके।
पीएसी जवानों और पुलिसकर्मियों के संपर्क वाले क्वारन्टीन
पीएसी 34वीं वाहिनी भुल्लनपुर, 36 वी वाहिनी रामनगर में पीएसी जवानों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इनके संपर्क में आने वाले अधिकारी और जवान एहतियातन क्वारन्टीन हो गए हैं। साथ ही कोविड-19 गाइडलाइन के अनुसार जवानों के बैरक में सैनिटाइजेशन सहित अन्य कार्यवाही भी शुरू करा दी गई है। उधर लंका थाने पर कोरोना संक्रमित मिले पुलिसकर्मियों के संपर्क में आए अधिकारी, पुलिस कर्मी भी खुद को क़वारन्टीन कर लिए हैं।
आरटीओ कार्यालय का प्रधान लिपिक पाजिटिव
हरहुआ। बाबतपुर स्थित आरटीओ कार्यालय में तैनात 55 वर्षीय प्रधान लिपिक की शनिवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अब सोमवार को कार्यालय सैनिटाइजेशन के बाद ही खोला जाएगा। संभागीय परिवहन अधिकारी हरिशंकर सिंह ने बताया कि सैनिटाइजेशन के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जा चुका है और उनके निर्देश के बाद ही खोला जाएगा। इसके साथ ही अंदर आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग भी की जाएगी।