वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 20 दिसंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह में अब चार दिन का ही समय बचा है। ऐसे में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक और स्नातकोत्तर में पदक पाने वाले मेधावियों की फाइनल सूची का इंतजार है। तीन दिन पहले ही वेबसाइट पर टॉप 10 वाली प्रस्तावित सूची अपलोड करवाई गई थी और इस पर आपत्तियां मांगी गई थीं।
विश्वविद्यालय में इसके पहले 25 सितंबर को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया था लेकिन उस समय स्नातक और स्नातकोत्तर के कई पाठ्यक्रमों का परीक्षा परिणाम नहीं जारी हुआ था। इस वजह से विश्वविद्यालय प्रशासन को दो बार दीक्षांत का आयोजन करना पड़ रहा है। 20 दिसंबर को आयोजित दीक्षांत समारोह की तैयारियां चल रही हैं। विश्वविद्यालय की ओर से यूजी के सात और पीजी के 23 पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च अंक पाने वाले टॉप 10 विद्यार्थियों की प्रस्तावित सूची अपलोड कर आपत्तियां मांगी गई थीं। कुलपति प्रो. एके त्यागी का कहना है कि प्रस्तावित सूची पर आपत्तियां मांगी गई हैं। उसके निस्तारण के बाद फाइनल सूची जल्द जारी होगी। ब्यूरो