भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बीएचयू के पांचवें दीक्षांत समारोह में सोमवार को 40 मेधावियों के गले में स्वर्ण पदक चमकेगा। दोपहर बारह स्वतंत्रता भवन में आयोजित दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि आईआईटी मद्रास के प्रो. अशोक झुनझुनवाला और सर्च के निदेशक डॉ. अभय बंग की ओर से मेधावियों को गोल्ड मेडल समेत दूसरे पुरस्कारों से नवाजा जाएगा।
रविवार को आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. राजीव संगल ने पत्रकारों से बातचीत में जानकारी दी कि इस साल आईआईटी बीएचयू के 1273 स्नातकों को उपाधि वितरित की जाएगी। अलग अलग विषयों में टॉप करने वाले 40 मेधावियों को स्वर्ण पदक से नवाजा जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक्स की एक छात्रा को रजत पदक और सिविल इंजीनियरिंग के एक छात्र को इंवॉयरमेंटल इंजीनियरिंग में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया जाएगा। 40 मेधावियों में एक छात्रा को सोशल सर्विस में सर्वाधिक सीपीआई हासिल करने पर गोल्ड मेडल दिया जा रहा है। कुल 41 मेधावियों को 78 मेडल दिए जाएंगे।