वाराणसी। बीएचयू सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में चल रही इमरजेंसी में बुधवार की रात एक पांच साल के मासूम के इलाज को लेकर जमकर नोकझोंक हुई। औरंगाबाद निवासी बच्चे के जलने के बाद परिजन रात पौने नौ बजे बीएचयू अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे। यहां इमरजेंसी में पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसे देखा और कुछ देर बाद उसे मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा रेफर करते हुए परिजनों को वहां ले जाने की बात कही। इसके बाद लाचार पिता बच्चे के इलाज को लेकर परेशान था। इसकी सूचना विश्वविद्यालय के छात्रों को मिली तो वह तुरंत इमरजेंसी पहुंचे और बच्चे को मंडलीय अस्पताल रेफर करने पर आपत्ति जताते हुए भर्ती कराने की बात करने लगे। इस दौरान छात्रों ने बाल रोग विभाग में भी संबंधित प्रोफेसर से बात की और बच्चे को वहीं भर्ती कराने को कहा। बहुत देर के जद्दोजहद के बाद फिर इसी बच्चे को इमरजेंसी में चिकित्सकों ने भर्ती किया। छात्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार को एमएस से मिलकर इस मामले में बातचीत की जाएगी।