फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: पेड़ की छंटाई के लिए पोल पर चढ़े संविदाकर्मी की करंट से मौत, पांच अफसरों पर FIR; जेई निलंबित

Sat, 18 Jul 2026 10:27 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में पेड़ की छंटाई के लिए बिजली के पोल पर चढ़े संविदाकर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। मामले में अधिशासी अभियंता, एसडीओ, जेई और लाइनमैन के खिलाफ लापरवाही की प्राथमिकी दर्ज की गई है। जेई को निलंबित कर दिया गया। घटना के विरोध में ढाई घंटे तक धरना चला। देर रात रामनगर के कोदोपुर श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन
संविदाकर्मी शिव प्रकाश यादव (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News: वाराणसी के तेलियाबाग चौराहे पर बिजली के खंभे के पास पेड़ की छंटाई के दौरान करंट लगने से संविदाकर्मी शिव प्रकाश यादव (28) की मौत हो गई। मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी (एसडीओ), अवर अभियंता (जेई), लाइनमैन समेत पांच लोगों के खिलाफ लापरवाही अथवा गैर-जिम्मेदाराना हरकत से मृत्यु कारित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, अधीक्षण अभियंता ने संबंधित जेई को निलंबित कर दिया है।

विज्ञापन


मृतक शिव प्रकाश चंदौली के कटरिया गांव का निवासी था। शिव प्रकाश वर्ष 2019 से चौकाघाट विद्युत उपकेंद्र पर संविदा पर कुली के पद पर कार्यरत था। बड़े भाई एवं शिकायतकर्ता सत्यप्रकाश ने तहरीर में बताया कि शनिवार को दोपहर करीब 12:10 बजे चौकाघाट स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत तेलियाबाग फीडर की बिजली लाइन के पास पेड़ की छंटाई का कार्य चल रहा था। आरोप है कि उस समय बिजली निगम के अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।

तहरीर के अनुसार, जेई वीरेंद्र कुमार ने बिना शटडाउन लिए दबाव बनाकर शिव प्रकाश को पोल पर चढ़ा दिया। पेड़ की छंटाई के दौरान लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से वह नीचे गिर पड़ा।

विज्ञापन

संविदाकर्मी की मौत के बाद छानबीन करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
मौके पर मौजूद कर्मी उसे तत्काल कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सत्यप्रकाश ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद शाम सात बजे के करीब परिजन शव लेकर चौकाघाट विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन रात करीब नौ बजे तक चला।
वर्जन
प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर संबंधित जेई वीरेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। अधीसाशी अभियंता को कारण बताओ नोटिस और एसडीओ के खिलाफ चार्जशीट दी गई है। मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - विनीत मौर्या, अधीक्षण अभियंता प्रथम

मृतक ने पिता के साथ शुरू की थी संविदा की नौकरी
मृतक के रिश्तेदार सुमित यादव ने बताया कि शिव प्रकाश के पिता राजकुमार यादव कबीरचौरा विद्युत उपकेंद्र पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। वे दिसंबर 2025 में सेवानिवृत्त हुए। शिव प्रकाश ने वर्ष 2019 में पिता के साथ ही कबीरचौरा विद्युत उपकेंद्र से संविदा पर नौकरी शुरू की थी। वर्ष 2024 में उनका स्थानांतरण चौकाघाट विद्युत उपकेंद्र में हुआ, तब से वह वहीं कार्यरत थे।

चार वर्षीय पीहू करती रही पिता का इंतजार
मृतक का एक बड़ा भाई सत्यप्रकाश है। परिवार संयुक्त रूप से रहता था। परिवार में माता पन्ना देवी, पत्नी सोनी यादव और चार वर्षीय बेटी पीहू हैं। परिजनों ने बताया कि शनिवार रात तक पीहू रोज की तरह अपने पिता का इंतजार करती रही। उसे यह नहीं बताया गया कि उसके पिता अब कभी वापस नहीं लौटेंगे। सोनी यादव बेटी को गोद में लेकर बिलखती रहीं। परिजनों का विलाप देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

देर रात कोदोपुर श्मशान घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद रात करीब 9:15 बजे परिजन और ग्रामीण शव लेकर गांव के लिए रवाना हुए। देर रात रामनगर के कोदोपुर श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। पिता राजकुमार यादव ने बेटे को मुखाग्नि दी। यह मार्मिक दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
विज्ञापन

करंट से हुईं प्रमुख घटनाएं
  • 21 सितंबर 2025 : सेंट जॉन्स कॉलोनी, मड़ौली में काम के दौरान संविदा लाइनमैन मनोज प्रजापति (40) पोल से गिर गए। करंट लगने के बाद गिरने से उनकी मौत हो गई।
  • 20 मई 2025 : पुलिस लाइन परिसर में संविदा लाइनमैन सरफराज शेख (21) की करंट लगने से मौत हो गई।
  • 1 फरवरी 2025 : लंका क्षेत्र की रश्मिनगर कॉलोनी में करंट लगने से लाइनमैन अनिल आजाद (40) गंभीर रूप से झुलस गए।
  • 13 मई 2026 : काशीराम आवास, शिवपुर में फॉल्ट ठीक करने गए संविदा लाइनमैन रामजी सोनकर (55) की करंट लगने से मौत हो गई।
  • 17 जून 2026 : भुल्लनपुर पीएससी के पास फॉल्ट ठीक करते समय लाइनमैन नन्हकू पटेल करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए।
  • 27 जून 2026 : भदैनी पावर हाउस के अंतर्गत पांडेयघाट के पास फॉल्ट ठीक करते समय संविदा लाइनमैन भरत लाल राजभर (40) की करंट लगने से मौत हो गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें