बनारस में सपा कार्यकर्ता प्रभु साहनी की हत्या में शामिल दस-दस हजार के इनामी दो शूटर रिजवान अंसारी और अफरोज अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से नाइन एमएम की पिस्टल, .32 बोर की पिस्टल, तीन कारतूस बरामद कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने खुलासा किया है कि हत्या में उसके ताऊ के तीन लड़कों के अलावा भाड़े के दो इनामी शूटर भी शामिल थे। प्रभु की हत्या की सुपारी तीन लाख में तय कर 30 हजार रुपये और दो पिस्टल दी गई थी।
पुलिस के अनुसार दोनों चौबेपुर क्षेत्र के एक कारोबारी की हत्या करने की फिराक में गए थे लेकिन उससे पहले ही दबोच लिए गए। चौक थाना क्षेत्र सिंधिया घाट पर 11 मई को बंगाली टोला निवासी प्रभु साहनी की हत्या कर दी गई थी।
मामले के आरोपी प्रभु के ताऊ के बेटे शिव कुमार निषाद, जितेंद्र और विनोद अदालत में समर्पण कर चुके हैं। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की मदद से तस्दीक की तो सामने आया कि प्रभु को गोली मारने वालों में भाड़े के शूटर रिजवान और अफरोज भी शामिल थे।
एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने बताया पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी। गुरुवार की आधी रात बाद थानाध्यक्ष चौबेपुर ओम नारायण सिंह को सूचना मिली थी कि शाहपुर नहर पुलिया के पास संदिग्ध प्रतीत हो रहे दो लोग मौजूद हैं।
उधर, सर्विलांस की मदद से इंस्पेक्टर चौक राहुल शुक्ला को भी रिजवान और अफरोज के शाहपुर नहर पुलिया के समीप मौजूद होने की जानकारी मिली। थानाध्यक्ष चौबेपुर और इंस्पेक्टर चौक की संयुक्त टीम ने छापामारी कर दोनों को गिरफ्तार किया।