वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि विधायक अजय राय को निर्दोष साबित करने तक पार्टी आंदोलन करेगी। इस मुद्दे को संसद में जोरदार ढंग से उठाया जाएगा। कहा कि पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट और अन्याय प्रतिकार यात्रा का सच सोनिया गांधी को बताएंगे।
यह घटना देश के संपूर्ण सनातनधर्मियों पर हमला और अत्याचार है। इस मुद्दे पर प्रदेश सरकार को भी चैन से नहीं बैठने देंगे। कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर ने कहा कि जब तक अजय राय को निर्दोष साबित नहीं करेंगे तब तक आगामी विधानसभा सत्र नहीं चलने देंगे।
गोदौलिया बवाल की वजहों की पड़ताल करने शुक्रवार को बनारस पहुंचे कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के सदस्याें ने दावा किया कि बवाल के पीछे गहरी साजिश है। यह साजिश भाजपा-सपा के सियासी गठजोड़ का हिस्सा है। पीएम को खुश करने के लिए कांग्रेस विधायक अजय राय को फंसाया गया जबकि बवाल हिंदू युवा वाहिनी और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने मोदी की शह पर किया।
फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के सदस्य व पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि 19 अक्तूबर को कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता राज्यपाल रामनाईक से मिलकर इस मसले पर पार्टी की राय रखेंगे और पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग करेेंगे।
जायसवाल ने कहा कि भाजपा नेताओं ने गोदौलिया चौराहे पर बवाल कराया और उसका ठीकरा अजय राय पर फोड़ दिया। यह गहरी साजिश है। पूरी पार्टी विधायक के साथ खड़ी है। दो सदस्यीय कमेटी में शामिल प्रदीप माथुर ने कहा कि पूछताछ और फुटेज से साफ हो गया है कि जुलूस में कांग्रेसी सबसे पीछे थे जबकि हिंदू युवा वाहिनी और शिवसेना के लोग सबसे आगे। जुलूस में आगे चल रहे केसरिया पट्टी बांधे युवकों ने ही बवाल किया। गोदौलिया पर जो कुछ भी पांच अक्तूबर की शाम हुआ, वह पहले से तय था।
फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के दोनों सदस्यों ने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की सिलसिलेवार जानकारी ली। प्रशासन ने किस आधार पर पूरे घटनाक्रम के लिए अजय राय को जिम्मेदार ठहराया? अजय राय के खिलाफ पुलिस के पास क्या सबूत है?
भाजपा के जनप्रतिनिधि भी यदि यात्रा में शामिल थे तो पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की? कांग्रेस नेता श्रीप्रकाश जायसवाल और प्रदीप माथुर पातालपुरी मठ के महंत बालक दास, सतुआ बाबा आश्रम के संतों से मिलने के बाद विद्या मठ में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से भी मिले और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।