चेतावनी जनविरोधी नीति वापस नहीं तो होगा आंदोलन
वाराणसी। पूरे उत्तर प्रदेश में स्मार्ट/प्रीपेड मीटर के नाम पर उत्पीड़न के खिलाफ बुधवार को महानगर और जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सिगरा के अभियंता वितरण कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार के संरक्षण में बिजली विभाग आम जनता पर जबरन प्रीपेड/स्मार्ट मीटर थोप रहा है, उपभोक्ताओं को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिगरा पेट्रोल पंप के पास बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा पर कार्यकर्ता एकत्रित हुए। माल्यार्पण और संकल्प के बाद सभी लोग जुलूस के रूप में अभियंता (वितरण) कार्यालय की ओर कूच किए। कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने चेतावनी दी कि सरकार ने जनविरोधी नीति को वापस नहीं लिया तो कांग्रेस जनआंदोलन छेड़ेगी। प्रदर्शन में प्रजानाथ शर्मा, फसाहत हुसैन बाबू, सतनाम सिंह, राजीव सिंह, वीरेंद्र कपूर, अरुण सोनी रहे।
प्रमुख मांगें
जबरन लगाए गए प्रीपेड/स्मार्ट मीटर तत्काल हटाए जाएं और पूर्व की व्यवस्था बहाल की जाए।
नए कनेक्शनों में प्रीपेड मीटर की अनिवार्यता समाप्त की जाए।
पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।