कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग, चाहे वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हों, गृह मंत्री अमित शाह हों या रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हों, देश को भ्रमित कर रहे हैं। आरोप लगाया कि पहलगाम हमले के पीड़ितों के परिजनों के आंसू सूख गए हैं, लेकिन अभी तक सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
अजय राय ने कहा कि राफेल जैसा विमान अभी भी नींबू-मिर्च के साथ खड़ा है, लेकिन सत्ता में बैठे लोग कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई के मुद्दे पर कांग्रेस पूरी तरह से सरकार के साथ है, लेकिन सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
राय ने आगे कहा कि पुलवामा हमले के बाद उन्होंने पूछा था कि आरडीएक्स कहां से आया और विस्फोट किसने किया, लेकिन घटना की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। राय की टिप्पणी पर कई भाजपा नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया कि राहुल गांधी के करीबी अजय राय राफेल पर अपने बयानों और हरकतों की वजह से अब पाकिस्तान की सुर्खियों में आ गए हैं।
पूनावाला ने कहा, "चन्नी, प्रियांक खड़गे, राजद सांसद सुधाकर सिंह, अजय राय - हमारे सैन्य बलों के मनोबल पर हमला संयोग नहीं बल्कि पाकिस्तान के साथ सहयोग है।"
भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने भी अपने एक्स प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया, "राहुल गांधी के करीबी अजय राय ने हमारे सैन्य बलों का मजाक उड़ाया! कांग्रेस आज पाकिस्तानी कांग्रेस और भारत में आसिफ मुनीर के पाकिस्तान की प्रवक्ता बन गई है!"
इस बीच, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की नागरिकता को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई पर भी बात की। राय ने कहा कि राहुल गांधी अपनी धरती के बेटे हैं, जिनके परिवार के सदस्यों ने देश के लिए अपनी जान कुर्बान की है और उन्हें किसी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।