कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने संकेत दिए हैं कि पार्टी का अगला प्रदेश अध्यक्ष काशी से ही हो सकता है। उनका कहना है कि बनारस पूर्वांचल का केंद्र है। इसकी उपेक्षा नहीं की जा सकती है। लाग-लपेट के बगैर उन्होंने यह भी कह दिया कि बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद के बिना कोई भी काम कैसे सफल हो सकता है।
अमर उजाला से फोन पर बातचीत में राज बब्बर ने कहा कि पार्टी लोकसभा चुनाव और खासतौर पर पूर्वांचल पर फोकस कर रही है। नए अध्यक्ष पद के लिए बेदाग, अनुभवी जुझारू और युवा नेता को तरजीह दी जाएगी। बनारस सर्वोच्च प्राथमिकता में है। हालांकि उन्होंने नेता का नाम नहीं बताया। इतना ही कहा- समय आने दीजिए। जल्दी ही घोषणा हो जाएगी।
नए प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए विधानसभा चुनाव के दौरान से ही तैयारी चल रही थी। इसके लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्र, पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी तथा पूर्व मंत्री डॉ. संजय सिंह का नाम चल रहा था।
पार्टी हाईकमान के पास यूं तो सभी दावेदारों की राजनीतिक और व्यक्तिगत जन्मकुंडली है फिर भी गोपनीय सर्वे भी कराया जा चुका है। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक लिया गया है।