संभावित बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूर्व तैयारी पूरी रखें।
विज्ञापन
मंडलायुक्त ने बाढ़ चौकियों, राहत सामग्री, नावों की उपलब्धता, तटबंधों की निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर और आपातकालीन संचार व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जलस्तर और मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ते ही राहत व बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएं।
उन्होंने बाढ़ चौकियों पर भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। बच्चों के लिए दूध, चना और गुड़ की व्यवस्था रखने, प्रभावित लोगों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने और चौकियों पर सोलर लाइट लगाने के निर्देश भी दिए।
विज्ञापन
मंडलायुक्त ने गोवंश व अन्य पशुओं की सुरक्षा के लिए अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने, नियमित टीकाकरण और साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। कहा कि बाढ़ चौकियों पर मेडिकल टीम, पुलिस गश्त, लेखपाल और महिला स्टाफ की रोस्टरवार तैनाती सुनिश्चित की जाए। राहत कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए अलग टीम लगातार निरीक्षण करती रहे।
मंडल के अफसरों ने अपने यहां हुईं अब तक की तैयारियों की जानकारी के बारे में उन्हें बताया। अफसरों ने बताया कि नाव, लाइफ जैकेट, बाढ़ चौकी समेत सभी व्यवस्थाएं पूरी हैं। पिछले कुछ वर्षों से आ रही बाढ़ के अनुभव के आधार पर तैयारियां पूरी की गईं हैं।