माध्यमिक विद्यालयों के 541 शिक्षकों व कर्मचारियों के एनपीएस फंड की धनराशि निजी बैंक में स्थानातंरित किए जाने के मामले में शिक्षक व लिपिक समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज करने के लिए रविवार को तहरीर दी गई। आरोप है कि करीब 50 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए गए।
संयुक्त शिक्षा निदेशक रामशरण सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक को मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया था। डीआईओएस ने रविवार को कैंट थाने में एक लिपिक और शिक्षक समेत अन्य के खिलाफ पर मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी। लिपिक और शिक्षक डीआईओएस कार्यालय से संबद्ध थे। संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वारा कराई गई जांच में जिले के 104 विद्यालयों के 541 शिक्षकों के एनपीएस फंड की धनराशि उनकी बिना अनुमति के निजी बैंकों में स्थानांतरित किए जाने का मामला सामने आया। डीआईओएस अवध किशोर सिंह ने बताया कि शिक्षक व लिपिक समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है। वहीं, कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच के बाद मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं, संयुक्त शिक्षा निदेशक रामशरण सिंह ने बताया कि निदेशक से इस मामले की तकनीकी जांच कराने की भी मांग की गई है।