दालमंडी में नकली कास्मेटिक सामान की बिक्री की सूचना पर शुक्रवार को पहुंची हिंदुस्तान यूनी लिवर कंपनी ने पुलिस के सहयोग से एक कटरे में छापा मारा। इस दौरान चार दुकानों से नकली सिंदूर, लिपस्टिक, मेकअप फाउंडेशन सहित अन्य सामान जब्त किया। पुलिस आरोपी दुकानदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही हैं।
हिंदुस्तान यूनी लिवर लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि कंपनी के नाम पर नकली माल बेचा जा रहा है। दालमंडी में बंशीधर कटरा सहित अन्य दुकानों पर कास्मेटिक सामान नकली बेचे जा रहे हैं। शिकायतों की तहकीकात करते हुए कंपनी के अधिकारियों ने चौक थाने की पुलिस टीम को साथ लेकर बंशीधर कटरा में छापा मारा। जहां चार दुकानों से भारी मात्रा में नकली सिंदूर, लिपस्टिक, मेकअप फाउंडेशन सहित अन्य कई सामान जब्त हुए और अन्य सामानों की जांच पड़ताल की जा रही है। कंपनी के अधिकारियों ने माल जब्त करते हुए कापीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई की।