डीएम योगेश्वर राम मिश्रा से अभद्रता पर बुधवार को भाकपा माले के नेता मनीष शर्मा को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका में जेल भेज दिया गया। वह स्लाटर हाउस को चालू कराने की मांग लेकर डीएम से मिलने गए थे।
बातचीत के दौरान इस कदर उलझ गए कि मांग न पूरी होने पर डीएम पोर्टिको में पशु काटने की धमकी तक दे दी। कैंट पुलिस मनीष को गिरफ्तार कचहरी ले गई। वहां से जेल ले जाए जाते समय भाकपा माले के लोगों ने कुछ देर तक कचहरी पुलिस चौकी का घेराव कर नारेबाजी की।
ऑल इंडिया कुरैशी विकास मंच, भाकपा माले एवं अलकुरैश वेलफेयर सोसाइटी के बैनर तले मीट कारोबारियों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया था। करीब तीन घंटे तक मुख्यालय पर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की थी।
उनका कहना था कि सरकार ने वैध स्लाटर हाउस को भी बंद करा दिया है। रमजान से पूर्व स्लाटर हाउस खोलने की मांग की थी। इसी मामले पर भाकपा माले के जिला प्रभारी मनीष शर्मा बुधवार को डीएम से मिलने उनके कार्यालय गए थे।
गिरफ्तारी से नाराज भाकपा माले की ओर से सरिता पटेल ने देर शाम विज्ञप्ति जारी कर मनीष को जल्द रिहा करने की मांग की। ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।