माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। निजी वाहनों का व्यवसायिक (कॉमर्शियल) उपयोग कर टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ संभागीय परिवहन विभाग ने चेकिंग अभियान की शुरुआत कर दी है। ट्रैवल्स, होटल, स्कूल और संस्थानों में संचालित निजी वाहनों का कॉमर्शियल उपयोग किया जा रहा है। ऐसे वाहनों पर परिवहन विभाग सीज और जुर्माने की कार्रवाई हो रही है। चार दिन में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज वर्मा के नेतृत्व में बाबतपुर एयरपोर्ट से सात वाहनों को सीज और 16 का चालान किया गया। सभी निजी वाहन थे, लेकिन व्यवसायिक उपयोग कर रहे थे। मनोज वर्मा ने शहरवासियों से अपील है कि यदि आप किराये पर गाड़ी ले रहे हैं तो सुनिश्चित कर लें कि वाहन का कॉमर्शियल में रजिस्ट्रेशन है या नहीं। पंजीकरण नहीं होने पर बीच सफर में यात्रियों को उतारकर वाहन को सीज कर दिया जाएगा। एआरटीओ प्रवर्तन सुधांशु रंजन और यात्रीकर अधिकारी अखिलेश पांडेय ने बाबतपुर एयरपोर्ट समेत अन्य क्षेत्रों में अभियान चलाया। एआरटीओ ने बताया कि शासन का उद्देश्य कर चोरी करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करना है। ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन की दिशा में अग्रसर किया जा सके।
नामचीन मिठाई के गोदाम से निजी वाहनों का कॉमर्शियल उपयोग परिवहन अधिकारियों के अनुसार, कई ऐसे विभाग और कुछ मिठाई के गोदाम से निकलने वाले वाहनों का कॉमर्शियल उपयोग हो रहा है। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय लहरतारा में कई वाहन किराए पर लगाए गए हैं, जिनका रेलवे हर साल टेंडर करती है। सभी वाहनों का निजी पंजीकरण है, लेकिन उपयोग कॉमर्शियल हो रहा है। शहर में ऑनलाइन फूड डिलिवरी का काम संभालने वाली कंपनियां भी निजी वाहनों का कॉमर्शियल उपयोग कर रही हैं। साड़ी के कारखानों से शहर के अन्य शाखाओं तक साड़ी पहुंचाने के एवज में निजी वाहनों का उपयोग किया जा रहा है।