पिछले दो दिनों से बड़ी तेजी से मौसम का मिजाज बदला है। बृहस्पतिवार को बंगाल की खाड़ी से चलने वाली पुरवा हवा का रुख भी शुक्रवार को बदल गया। दोपहर बाद से पछुआ हवा चलने की वजह से बादल छाए रहने के साथ ही ठंड भी अधिक रही।
पंडुचेरी में चक्रवात निवार की वजह से ही बृहस्पतिवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला था। शुक्रवार को दिन में बादल छाए रहे और अन्य दिनों की अपेक्षा धूप भी बहुत कम हुई। पछुआ हवा चलने की वजह से गलन भी अधिक महसूस हो रही थी। शुक्रवार को सुबह कोहरे की चादर छाई रही। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के मुताबिक आने वाले दिनों में अभी ठंड बढ़ने की संभावना है। चक्रवात निवार की वजह से बंगाल की खाड़ी से चल रही नम पूर्वा हवाओं के बाद अब हिमालय से आ रही पछुआ हवा का दबाव बढ़ रहा है। इस बीच तापमान में कमी दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं शुक्रवार को इसमें 2 डिग्री की कमी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम 10.8 डिग्री से बढ़कर 14.8 पहुंच गया।