सीएमओ ने भेजी उपमुख्यमंत्री को जांच रिपोर्ट, कार्रवाई का इंतजार
वाराणसी। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में स्टाफ नर्सों के प्रमोशन की पार्टी में डांस करने के मामले की जांच पूरी हो गई हैं। चार सदस्यीय कमेटी ने मामले की जांच कर जो रिपोर्ट सीएमओ को दी थी। उसको सीएमओ ने यूपी के उपमुख्यमंत्री/स्वास्थ्य मंत्री को भेज दी है। अब सभी की नजरें इस मामले में होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।
जिला अस्पताल में स्टाफ नर्सों के प्रमोशन को लेकर पिछले सप्ताह बुधवार को स्टाफ नर्सों और कर्मचारियों के हिंदी, भोजपुरी गानों पर डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने सीएमओ को एक सपताह में जांच कर रिपोर्ट मांगी थी। मामले में मंडलीय अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ.सत्येन राय की अध्यक्षता वाली चार सदस्यीय कमेटी ने स्टाफ नर्स, कर्मचारियों के बयान दर्ज करने के बाद अपनी रिपोर्ट सीएमओ को सौंपी है। सूत्रों की माने तो जांच कमेटी ने भी अस्पताल परिसर में इस तरह की गतिविधि को गलत माना है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि रिपोर्ट स्वास्थ्य मंत्री को भेज दी गई हैं। उनके निर्देश के आधार पर आगे की कार्रवाई इस मामले में की जाएगी।