वाराणसी में सोमवार को ही पद से हटाए गए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार को शासन ने मंगलवार को निलंबित कर दिया। उन्हें लखनऊ स्थित स्वास्थ्य महानिदेशालय से संबद्ध किया गया है।
विज्ञापन
डॉ. मुकेश कुमार पर शासकीय काम में उदासीनता बरतने सहित पांच आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि वाराणसी में तैनाती के दौरान डॉ. मुकेश कुमार की कई तरह की शिकायतें शासन को मिली थीं।
शासन ने मिर्जापुर के संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य रहे डॉ.एनपी सिंह को सोमवार को वाराणसी का नया सीएमओ बनाया था। अब अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित कुमार घोष ने डॉ. मुकेश कुमार को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
विज्ञापन
अपर मुख्य सचिव ने जो पत्र भेजा है उसके मुताबिक यह कार्रवाई शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता, सीएम डैशबोर्ड की खराब रैंकिंग और आईजीआरएस प्रकरणों का गुणवत्तापूर्वक निस्तारण नहीं किया गया। उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण-नियमावली का उल्लंघन किए जाने का मामला भी सामने आया है। डॉ. मुकेश के खिलाफ विभागीय जांच कराई जाएगी।