काशी हिंदू विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन में शनिवार को 1011 ग्राम प्रधानों को सीएम योगी गंगा की स्वच्छता और निर्मलता का मंत्र देंगे। प्रदेश के 25 जिलों की गंगा किनारे की ग्राम पंचायतों के प्रधानों के ‘स्वच्छ गंगा सम्मेलन’ में योगी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
पंचायती राज मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भूपेंद्र सिंह चौधरी इस सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर स्वतंत्रता भवन में शुक्रवार देर रात तक तैयारियोें को अंतिम रूप दिया जाता रहा।
सम्मेलन में शामिल होने के लिए अलग अलग जिलों से ग्राम प्रधान पहुंच रहे हैं। बीएचयू के अलग-अलग हॉस्टलों में उनके ठहरने का इंतजाम किया गया है। महिला प्रधानों के पतियों के बैठने की व्यवस्था स्वतंत्रता भवन के बाहर लॉन में की गई है।
यहां पर एलईडी और प्रोजेक्टर के माध्यम से उन्हें सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। बगैर पास किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्र सरकार के तीन साल के कार्यकाल में गांवों में हुए विकास कार्यों और आगामी योजनाओं के बारे में बताया जाएगा।
गंगा की स्वच्छता के लिए आगे बढ़ने का आह्वान किया जाएगा। स्वच्छता मिशन के निदेशक विजय किरण आनंद ने शुक्रवार को तैयारियाें का जायजा लिया।
मुख्य द्वार से आएंगे सीएम, अभ्यर्थी सीर और छित्तूपुर से
बीएचयू स्वतंत्रता भवन में आयोजित सम्मेलन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री दिन में 11:30 बजे विश्वविद्यालय के सिंहद्वार से आएंगे। शनिवार को बीएचयू की प्रवेश परीक्षा भी है। ऐसे में मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए सीर और छित्तूपुर गेट से आने-जाने की व्यवस्था की गई है।
शनिवार सुबह आठ बजे की पाली में एमएससी एग्रोफॉरेस्ट्री की प्रवेश परीक्षा है जिसमें 644 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा 10 बजे खत्म होगी। दोपहर 12 बजे से मास्टर ऑफ एग्री बिजनेस मैनेजमेंट की प्रवेश परीक्षा है जिसमें 243 अभ्यर्थी शामिल होंगे।