वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बैठक में सर्किट हाउस की बिजली गुल हो गई। इससे वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। बिजली गुल होने की वजह सर्किट हाउस की एमसीबी जलना बताई गई है।
दरअसल, शाम 6:30 से 7:30 बजे तक मुख्यमंत्री की बैठक होनी तय थी। बैठक शुरू होने के तकरीबन 15 मिनट बाद बत्ती गुल हो गई। करीब दस मिनट बाद आपूर्ति बहाल हुई। बत्ती गुल होने के साथ ही पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। वजह पता चलते ही तत्काल एमसीबी को बदला गया। सर्किट हाउस की व्यवस्था देखने वाले पीडब्ल्यूडी के केयर टेकर आनंद लाल श्रीवास्तव ने बताया कि एमसीबी जल गई थी। जिसे तत्काल बदल कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। एसडीओ वरुणा पुल इंद्रेश राय ने कहा कि बैठक के दौरान हमारी आपूर्ति चालू रही। मुख्यमंत्री की बैठक में बिजली आपूर्ति जनरेटर से की गई। सर्किट हाउस के अंदर की बिजली व्यवस्था में गड़बड़ी से आपूर्ति प्रभावित हुई है।