मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन बुधवार की सुबह भाजपा पदाधिकारियों व नेताओं से विकास पर चर्चा की है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों के कामकाज का फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री से बुधवार की सुबह सर्किट हाउस में लोगों से मिले। आरएसएस काशी के प्रांत प्रचारक रमेश, जाणता राजा आयोजन समिति के सचिव अनिल किंजवेकर, सेवा भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राहुल सिंह ने 21 नवंबर को जाणता राजा नाटक के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण पत्र मुख्यमंत्री को दिया। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि इस महानाट्य के मंचन से युवाओं में धर्म, संस्कृति और अध्यात्म के प्रति निष्ठा बढ़ेगी। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने भी सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इससे पहले राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, विधायक अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, सुशील सिंह, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा आदि ने भी मुलाकात की। इसके बाद सुबह 9 बजे सीएम लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट बाबतपुर से रवाना हो गए।
कानपुर हत्या प्रकरण में मदद की मांग
एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कानपुर देहात के थाना गजनेर में रामवीर विश्वकर्मा और सत्यनारायण विश्वकर्मा की हत्या मामले में पीड़ितों की मदद की मांग का ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा। उन्होंने मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद, दोनों बेटों को सरकारी नौकरी और ग्राम समाज की जमीन के पट्टे की मांग की है।