वाराणसी। पश्चिम बंगाल स्थित चितरंजन लोको मोटिव वर्क्स (सीएलडब्ल्यू) में बुधवार को होने वाली विशाल जनसभा और बैठक में भाग लेने के लिए डीरेका बचाओ संघर्ष समिति की टीम मंगलवार को विभूति एक्सप्रेस से रवाना हो गई।
रवाना होने से पूर्व एक बैठक में समिति के संयोजक वीडी दूबे ने कहा कि 27 जुलाई को दिल्ली में हुई बैठक में सातों उत्पादन इकाइयों की संयुक्त संघर्ष समिति बनाई गई थी। उसी के अंतर्गत अन्य संघर्ष समितियों के पदाधिकारी चितरंजन में निगमीकरण के विरोध में आयोजित विशाल जनसभा में भाग लेने के लिए जा रहे हैं।
डीएलडब्लू मजदूर संघ के सहायक महामंत्री तथा कर्मचारी परिषद के सदस्य नवीन कुमार सिन्हा ने कहा कि निगमीकरण के खिलाफ हम सभी एकजुट हैं। रेल मजदूर यूनियन के महामंत्री राजेंद्र पाल ने कहा कि निगमीकरण का मजबूती से प्रतिकार किया जाएगा। मेंस कांग्रेस ऑफ डीएलडब्ल्यू के उपाध्यक्ष रोहित शर्मा ने कहा कि प्रस्तावित निगमीकरण को तुरंत रोका जाए। संयुक्तसचिव कर्मचारी परिषद व संयोजक डीरेका बचाओ संयुक्त संघर्ष समिति वीडी दुबे ने कहा कि जैसे शरीर में लहू दौड़ता है, उसी प्रकार रेलवे भी हमारी लाइफ लाइन है, इसे कदापि रुकने नहीं दिया जाएगा। सीएलडब्ल्यू में बैठक व सभा से निगमीकरण के विरोध में चल रहे अभियान में तेजी आएगी।