वाराणसी। दीपावली पर इन दिनों तीन गुना कूड़ा निकल रहा है। जिसका निस्तारण नगर निगम की ओर से कराया जा रहा है। वर्तमान में 2000 टन कूड़ा निकल रहा है। आम दिनों में औसतन 500 से 600 टन कचरा निकलता है। त्योहार से पहले हर घर और व्यापारिक प्रतिष्ठान में सफाई अभियान चलता है, जिससे सालों पुरानी अनुपयोगी वस्तुएं, पुराना फर्नीचर, प्लास्टिक और कबाड़ बाहर निकाला जाता है। कूड़ा गाड़ियां कम पड़ती हैं और अतिरिक्त फेरे भी बढ़ाने पड़ते हैं। लोग त्योहार की सफाई का कचरा सड़कों या खाली प्लॉटों में फेंक रहे हैं। गाड़ियां का इंतजार न कर लोग घरों का कचरा सड़कों पर डाल देते हैं, जिससे त्योहार के समय गंदगी और दुर्गंध फैलती है। घाटों पर सफाई के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। सफाई अभियान चलाकर भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा हटाया गया है ताकि आगामी त्योहारों पर घाट स्वच्छ दिखें। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने कहा कि लगातार सफाई का काम जारी है। इन दिनों अधिक कूड़ा निकलता है। ब्यूरो