काशी विद्यापीठ में 11 पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम जारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 के 11 पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। इसमें पीजी के आठ और तीन स्नातक पाठ्यक्रम हैं। अभ्यर्थी प्रवेश पोर्टल के माध्यम से परिणाम की जानकारी कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अब काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
विश्वविद्यालय में जिन पाठ्यक्रमों के परिणाम जारी किए गए हैं, उनमें स्नातक में बीएससी कृषि, बीए एलएलबी पांच वर्षीय इंट्रीग्रेटेड प्रोग्राम और बीसीए शामिल हैं। इसके अलावा स्नातकोत्तर में एमए, एमएससी गृह विज्ञान, एमए इतिहास, मनोविज्ञान, राजनीतिशास्त्र, समाजशास्त्र, एमएड, एमएसडब्लयू, एमएससी बॉटनी के परिणाम घोषित किए गए हैं। ब्यूरो
पीजी में दाखिले के लिए दो दिन होगी काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 के लिए स्नातकोत्तर के जिन पाठ्यक्रम में प्रवेश परीक्षा नहीं कराई गई थी, उनमें दाखिले के लिए बृहस्पतिवार को काउंसिलिंग की तिथि जारी कर दी गई। 18-19 सितंबर को अलग-अलग विभागों में काउंसिलिंग होगी। अभ्यर्थियों को फीस जमा करने की सूचना उनके मोबाइल पर मिलेगी।
विश्वविद्यालय में 35 पाठ्यक्रमों में मानक से कम आवेदन होने की वजह से इसमें प्रवेश परीक्षा नहीं करवाई गई थी। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि बृहस्पतिवार को काउंसलिंग की पूरी प्रक्रिया जारी कर दी गई। बीलिब, एमलिब, एमए इकोनामिक्स, गांधी अध्ययन, हिंदी, दर्शनशास्त्र, योगा, संस्कृत, उर्दू समेत 26 पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग 18-19 सितंबर को कराई जाएगी। पूरा कार्यक्रम वेबसाइट पर अपलोड करा दिया गया है।
कुलसचिव ने कहा कि अगर कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि में फीस जमा नहीं करता है तो उसकी सीट निरस्त मानी जाएगी। प्रमाणपत्रों का भौतिक सत्यापन उनके पाठ्यक्रम से संबंधित विभाग में ही कराया जाएगा। इसके बाद फीस जमा करने की तिथि प्रोविजनल प्रवेश सूची में दी जाएगी।
सभी अभ्यर्थी प्रवेश पोर्टल के माध्यम से गेट पास डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए समर्थ पोर्टल पर रजिस्टर्ड ई-मेल आईडी को यूजर नेम एवं पासवर्ड के लिए अपनी जन्मतिथि का उपयोग करना होगा।