‘उस्ताद’ (अपग्रेडिंग द स्किल एंड ट्रेनिंग इन ट्रेडिशनल आर्ट/क्राफ्ट फार डेवलपमेंट) योजना की लांचिंग के लिए काशी आए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि शहनाई सम्राट उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की स्मृतियों को संजोने के लिए जल्द ही कौशल विकास से जुड़ी एक बड़ी योजना शुरू करने की तैयारी है। इस योजना का सर्वाधिक लाभ अल्पसंख्यक युवाओं को मिलेगा। गुरुवार की दोपहर सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में नकवी ने कहा कि योजना का प्रारूप तैयार हो रहा है। जल्द ही इसकी तस्वीर सामने होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लालफीताशाही हावी है। यहां के अफसर केंद्रीय योजनाओं में कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं। यही वजह है कि तमाम योजनाओं में अड़चनें आ रही हैं। काम शुरू तो हो रहा है मगर बीच में ही अटक जा रहा है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को भ्रमित नेता बताते हुए कहा कि उनका दिमागी संतुलन बिगड़ गया है। नकवी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर भी हमला बोला, कहा राहुल को खेती-किसानी का थोड़ा भी ज्ञान नहीं है। वे कपास और कपड़े में अंतर नहीं समझते मगर आज किसानों के हक के लिए केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सियासी सूरमाओं ने ही अल्पसंख्यकों का राजनीतिक शोषण किया है। अल्पसंख्यकांे को अब सचेत और जागरूक होना होगा।