दिवाली के दूसरे दिन शहर की सफाई व्यवस्था ध्वस्त
दो दिन के कूड़े का बैकलाग खत्म करने में जुटे नगर निगम के सफाईकर्मी
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। दिवाली वाले दिन शहर को चमकाने वाले दूसरे दिन मोहल्लों से गायब रहे। इसके चलते शहर की सफाई व्यवस्था ध्वस्त रही। दो दिन के कूड़े का बैकलाग खत्म करने के लिए नगर निगम के सफाईकर्मी जुटे रहे। देर रात तक कूड़ा घरों से कूड़ा निकालकर करसड़ा कूड़ा निस्तारण केंद्र तक पहुंचाया गया। शहर के कई कूड़ा घर भरे होने के कारण कूड़ा गाड़ियां कूड़ा लेकर आईं लेकिन उन्हें खाली करने में घंटों लग गए। सोनिया कूड़ा घर के पास कूड़ा गाड़ियों की लाइन लग गई। शहर के कई वार्डों और मोहल्लों में 24 घंटे से अधिक जगह देर तक कूड़ा पड़ा रहा। पटाखों के कागज और कूड़े सड़कों पर बिखरे रहे। जिसके कारण परेशानी हुई। पार्षदों के पास भी फोन जाने लगा तो उन्होंने जल्द सफाई कराने का आश्वासन दिया। बताया कि दीपावली पर काम करने वाले सफाई कर्मी भी अगले दिन त्योहार मना रहे थे। इसके कारण दिक्कत हुई। शनिवार की भोर से ही सफाई शुरू कराई गई जो देर शाम तक हुई। इस दौरान कूड़ा गाड़ियों के फेरे भी बढ़ाए गए। अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि त्योहार के कारण थोड़ी दिक्कत रही लेकिन 24 घंटे में ही व्यवस्था सामान्य कर दी गई। सभी कूड़ा घरों पर अतिरिक्त वाहन लगाकर कूड़ा निस्तारित कराया गया।