प्रदेश के नगर विकास एवं जिले के प्रभारी मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि दीपावली से पहले वाराणसी नगर निगम की सभी सड़कें बन जाएंगी। मंत्री ने कहा कि शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्गा पूजा से पहले पूरा करने का निर्देश दिया था। इसमें काफी काम हुआ है, बाकी कार्य हर हाल में दीपावली से पूरा हो जाएगा।
नगर विकास मंत्री ने पत्रकारों के सवाल पर सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि उपचुनाव में भाजपा सभी सीटें जीत रही है। विपक्षी पार्टी हताश और निराश हैं। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव विदेश में रहते हैं और पार्टी की ओर से ट्वीट करते हैं। वह केवल ट्वीट की राजनीति जानते हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता। पेयजल के सवाल पर पत्रकारों से कहा कि पिछली सरकारों के पाप हैं जिसे धोया जा रहा है। जल्द ही सभी सुविधाएं बेहतर होंगी। सदन की बैठक के लिए नए भवन बनाने के सवाल पर कहा कि प्रस्ताव बनाया जा रहा है।
पत्रकारों से बातचीत से पूर्व मंत्री ने बुधवार को सर्किट हाउस में नगर विकास के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में नगरी क्षेत्र में 17727 पात्रों को आवास दिए गए। अमृत योजना के अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं। शहर में 2300 सर्विलांस कैमरा मार्च, 2021 तक लग जाएंगे।
जो क्राइम कंट्रोल के लिए बड़े महत्वपूर्ण होंगे। पार्को व वार्डो का सुंदरीकरण हो रहा है। शहर में कई पार्किंग स्थल बन रहे हैं। जलकल विभाग के 62 कार्य होने थे, जिनका टेंडर होकर 50 कार्य पूर्ण हो गए तथा शेष कार्य नवंबर, 2020 तक पूर्ण हो जाएंगे। नगर क्षेत्र में सीवरेज के 427 करोड़ के कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
हृदय योजना में 76 हजार करोड़ रूपये के कार्य पूर्ण हो चुके हैं। वाराणसी में रिकॉर्ड विकास कार्य हुए हैं। एकाध कार्य में विलंब होने को गंभीरता से लिया जाएगा। बैठक में महापौर मृदुला जायसवाल, एमएलसी लक्ष्मण आचार्य, एमएलसी केदारनाथ सिंह, विधायक नीलरतन नीलू, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, नगर आयुक्त गौरांग राठी आदि शामिल रहे।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में बनारस देश में प्रथम स्थान पर होगा
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के ढाई लाख वेंडरों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अक्टूबर को डिजिटल माध्यम से ही ऋण वितरण करेंगे। वाराणसी में अब तक 15 हजार वेंडरों को ऋण दिया गया है।