सीओ कैंट के सर्किल में तीन थाने आते हैं लेकिन एसएसपी के पूछे जाने पर वो एक अपराधी का नाम भी नहीं बता सके। इस लापरवाही पर शनिवार की रात बैठक में एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने सीओ कैंट राकेश नायक को जमकर फटकार लगाई।
इस दौरान लंबित विवेचनाओं की संख्या और कारण न बता पाने पर भी सीओ कैंट की नाराजगी का सामना करना पड़ा। एसएसपी ने कहा कि सीओ कैंट कार्यशैली में सुधार लाएं नहीं तो कार्रवाई के दायरे में आएंगे।
बकरीद सहित आगामी अन्य त्योहारों के मद्देनजर एसएसपी ने पुलिस महकमे के राजपत्रित अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। इस दौरान एसएसपी ने कहा कि थानाध्यक्षों और हल्का प्रभारियों की मॉनीटरिंग में क्षेत्राधिकारी लापरवाही न बरतें।
अपराध हो तो घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी जरूर जाएं और तफ्तीश में अहम भूमिका निभाएं। क्षेत्राधिकारी सब कुछ मातहतों के जिम्मे छोड़ कर न बैठ जाएं। लापरवाही बरतने वाले क्षेत्राधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे।
एसएसपी ने कहा कि बकरीद सहित अन्य त्योहारों के मद्देनजर थाना स्तर पर शांति समितियों की बैठक की जाए और अन्य विभागों की मदद से समस्याओं का समाधान कराया जाए। बैठक में एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री और आईजी रेंज विजय सिंह मीना भी शामिल हुए थे।