सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल में 11वीं में दाखिले को लेकर शुक्रवार को अभ्यर्थियों के परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया। इस दौरान प्रवेश प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए अभिभावकों ने शिक्षामंत्री को ज्ञापन भेजकर जांच की मांग की। कोरोना काल को देखते हुए सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल में इस बार 11 वी में दाखिला हाई स्कूल में मेरिट के आधार पर करने का निर्णय लिया गया था।
दूरदराज से आए अभिभावकों को देर शाम जैसे ही सीट फुल होने की जानकारी दी गई तो वह भड़क उठे। आरोप लगाया कि दाखिले के लिए नियमानुसार एक सीट के सापेक्ष 3 अभ्यर्थियों को बुलाए जाने का नियम है, लेकिन यहां एक सीट के सापेक्ष 10 से 11 अभ्यर्थियों को बुला लिया गया था। बताया कि सुबह 8 से 12 बजे तक होने वाली काउंसिलिंग के बारे में रात आठ बजे सीट भर जाने की जानकारी भी दी गई। अभिभावकों के हंगामा करने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर शांत कराया। रात तक अभिभावक कुलपति के बुलाए जाने और मेरिट के बारे में जानकारी की मांग पर अड़े रहे। बाद में शिक्षा मंत्री को सम्बोधित ज्ञापन डीएम को भेजकर कार्रवाई की मांग की।