वाराणसी। बीएचयू के सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस) में एलकेजी से लेकर 11वीं तक की कक्षा में दाखिले के लिए इंफॉर्मेशन बुलेटिन जारी हो गई है। 20 फरवरी से लेकर 20 मार्च तक आवेदन होगा। इसमें सेंट्रल हिंदू बाॅयज स्कूल (सीएचबीएस) और सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल (सीएचजीएस) के साथ श्री रणवीर संस्कृत विद्यालय और बरकछा स्थित सेंट्रल हिंदू स्कूल शामिल हैं। एलकेजी, कक्षा एक और छठवीं में 364 सीटों पर ई-लॉटरी के माध्यम से प्रवेश होगा। वहीं, नौवीं से 11वीं तक की 370 सीटों पर दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 मार्च है। जबकि आवेदन में संशोधन के लिए 21 से 27 मार्च तक का समय दिया जाएगा। 9वीं और 11वीं की प्रवेश परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड 11 अप्रैल को बीएचयू की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। वहीं, ई- लॉटरी में चयनित अभ्यर्थियों की सूची 13 अप्रैल को जारी की जाएगी।
सबसे पहले 7 से 10 मई तक 11वीं के की प्रवेश परीक्षा होगी। वहीं, 11 मई को कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। प्रोविजनल आंसर की 19 मई को अपलोड कर दी जाएगी। 21-22 मई तक इस पर आपत्ति मांगी गई है। वहीं, फाइनल आंसर की 25 मई को जारी होगी। पांच जून को प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित होगा।
-
2 जुलाई को पेड सीट पर काउंसिलिंग
23 जून से 2 जुलाई तक काउंसिलिंग चलेगी। सबसे पहले 23 जून को कक्षा 9 की काउंसिलिंग कराई जाएगी। इसके बाद 11वीं की काउंसिलिंग होगी। सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल में पेड सीट पर भी काउंसिलिंग होगी। इसकी तिथि 2 जुलाई और समय सुबह 9 बजे से 11 बजे तक रखा गया है। नौवीं के लिए उम्र 13 से 15 साल और 11वीं के लिए अभ्यर्थी की उम्र 18 साल से ज्यादा न हो।
-
विषयवार सीटों का विवरण
सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल - कक्षा 9 में 100, कक्षा 11 में गणित स्ट्रीम से 88, बायोलॉजी से 25, वहीं आर्ट्स-कॉमर्स में 11-12 सीटों पर प्रवेश होगा। कक्षा 6 में 90 सीटों हैं।
सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल - कक्षा 9 में 30 सीटें, कक्षा 11 में गणित स्ट्रीम से 17, बायोलॉजी में 16, आर्ट्स में 45 और कॉमर्स में 25 सीटों पर प्रवेश होगा। कक्षा 6 में 74 सीटें हैं। वहीं, एलकेजी में 120 सीटें हैं।
- बरकछा स्थित सेंट्रल हिंदू स्कूल में नर्सरी में 40 सीटें, रणवीर संस्कृत विद्यालय में कक्षा एक की 40 सीटें हैं।
-
500 से 800 तक है आवेदन फीस
सेंट्रल हिंदू स्कूल में नौवीं और 11वीं के लिए आवेदन करने की फीस जनरल और ओबीसी की 800 रुपये है। वहीं, एससी-एसटी के लिए आवेदन शुल्क 550 रुपये रखा गया है। कक्षा एक से छह तक जनरल-ओबीसी का आवेदन शुल्क 750 रुपये और एससी-एसटी का 500 रुपये है।