काशी हिंदू विश्वविद्यालय के द्वारा संचालित सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस) और श्री रणवीर संस्कृत विद्यालय में प्रवेश के लिए रविवार को ई-लॉटरी निकाली गई। अभिभावकों की मौजूदगी में तीनों स्कूलों की विभिन्न कक्षाओं की 356 सीटों पर प्रवेश के लिए चुने गए बच्चों की घोषणा की गई। अब चयनित प्रवेशार्थियों के नाम बीएचयू की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। उसके बाद काउंसिलिंग होगी।
बीएचयू के मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में आयोजित लॉटरी प्रक्रिया सुबह नौ बजे शुरू हुई। सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल के प्राइमरी वर्ग की कक्षा बाल वाटिका-2 की 120 सीटों, बॉयज स्कूल के प्राइमरी वर्ग बरकछा की बाल वाटिका-3 की 40, श्री रणवीर संस्कृत विद्यालय में कक्षा एक की 40, सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल के कक्षा छह की 66 और सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल की कक्षा छह की 90 सीटों पर प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल ने कराया था। लॉटरी प्रक्रिया का संचालन डॉ. सीमा सिंह और विकास चंद्र शर्मा ने किया। इस मौके पर स्कूल बोर्ड की उपाध्यक्ष प्रो. सुषमा घिल्डियाल, लॉटरी समिति के अध्यक्ष प्रो. जीपी सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. शिव प्रकाश सिंह, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राजेश सिंह, तीनों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी मौजूद रहे।