कछवा रोड। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव के पटेल बस्ती में फावड़े से हमले में घायल सुनीता देवी की इलाज के दौरान मौत के बाद गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक मृतक परिवार की सुरक्षा संभव नहीं है। सोमवार को घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मोहलत दी थी, लेकिन समय बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं। शोक व्यक्त करने पहुंचे भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री रवि वर्मा से मृतका की सास कलावती देवी और पति मुन्नालाल पटेल ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। परिजनों ने आशंका जताई कि आरोपी दोबारा हमला कर सकता है। संवाद