परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को करेंगे जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक के 1.99 लाख बच्चों को पढ़ाई से इतर बैंकिंग के बारे में बताया जाएगा। विभाग कई बैंकों से बातचीत कर रहा है। बच्चों की तार्किक क्षमता बढ़ने के लिए विभाग ने पहल की है। परिषदीय विद्यालयों के बच्चे निजी स्कूलों के बच्चों से कदम मिलाकर चल सकें। बच्चों को समय-समय पर बैंक भी ले जाया जाएगा। वह आगे चलकर वाणिज्य वर्ग में पढ़ाई भी कर सकेंगे। बच्चों को बताया जाएगा कि बैंक क्या है। वहां क्या काम होता है। कैसे होता है। नोट क्या हैं। खाता कैसे खुलवाया जाता है। बैंकिंग व्यवस्था को बेहतर ढंग से समझाने के लिए बच्चों का ग्रुप बनाया जाएगा। जहां बच्चे ही बैंक मैनेजर, कैशियर, ग्राहक व गार्ड की भूमिका निभाएंगे। खाता खुलवाने, लेनदेन के साथ ही किसी समस्या पर बैंक प्रबंधक से शिकायत की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
बच्चों को बैंकिंग के बारे में जानकारी देने के लिए पहल की गई है। जल्द इसकी शुरुआत की जाएगी, ताकि बच्चे बैकिंग की प्रक्रिया को जान सकें। - डॉ. अरविंद पाठक, बेसिक शिक्षा अधिकारी