कछवा रोड। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव में सोमवार सुबह होली के दिन बच्चों के बाल नहीं कटवाने से नाराज पिता ने अपनी कनपटी पर गोली मार ली। लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली से घायल पिता को परिजनों ने बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस ने सीसी कैमरे की छानबीन के बाद लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में ले लिया है। गांव निवासी शिव प्रकाश सिंह (40) साथियों के साथ गांव में लोगों से मिलने निकले थे। दोनों बेटों सत्या (18) और शुभम (16) से कहा था कि बाल कटवा लेना। शिव प्रकाश सिंह जब घर पहुंचे तो बेटों के बाल नहीं कटवाने पर नाराजगी व्यक्त की और इस दौरान उनसे नोकझोंक हो गई। गुस्से में शिव प्रकाश सिंह अपने कमरे में गए और लाइसेंसी पिस्टल निकाल कर अपनी कनपटी पर गोली मार ली। घटनास्थल पर पहुंचे मिर्जामुराद थानाध्यक्ष आनंद चौरसिया ने लाइसेंसी पिस्टल और पांच कारतूस को कब्जे में लिया। घटनास्थल .32 बोर का कारतूस भी बरामद हुआ। एसीपी राजातालाब ने परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी ली। पत्नी नीतू सिंह ने बताया कि बच्चों ने बाल नहीं कटवाया था, जिसे लेकर पति ने यह कदम उठाया। थानाध्यक्ष आनंद चौरसिया ने बताया कि रंजिश समेत अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर तफ्तीश की जा रही है।