बाल संरक्षण इकाई और प्रयत्न संस्था की ओर से केएनएच जर्मनी के सहयोग से शुक्रवार से बाल अधिकार सप्ताह की शुरुआत हुई। जिला बाल संरक्षण इकाई कार्यालय चांदमारी में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष स्नेहा उपाध्याय, किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य आरती सेठ व टीएन शुक्ला और बाल संरक्षण अधिकारी निरुपमा सिंह ने शुभारंभ किया। सभी सदस्यों ने बाल श्रम और बाल विवाह रोकथाम हस्ताक्षर अभियान पर हस्ताक्षर किए। स्नेहा उपाध्याय ने कहा कि इस तरह के जन जागरूकता अभियान से ही हम बाल श्रम और बाल विवाह को जड़ से खत्म कर सकते हैं। आरती सेठ ने कहा कि यह बहुत अच्छी पहल है जो बच्चों के लिए संरक्षण सुनिश्चित करने में मददगार साबित होगी। इस मौके पर सोनू गौर, प्रज्ञा राज, अनन्या दास, आकाश सरकार, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।