पांच दिन से अपने बेटे की सूरत देखने को बिलख रही एक मां की करुण क्रंदन सुनकर आसपास के लोगों की भी आंखें नम हो जा रही हैं। मात्र तेरह साल का लड़का बीते तीस जनवरी को मां से दस मिनट में वापस आने की बात कहकर निकला, लेकिन अभी तक घर नहीं लौटा। पुलिस किशोर को ढूंढने में लगी हुई है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के सुजाबाद निवासी छात्र बीते 30 जनवरी से गायब है। छात्र की मां का रो-रो कर हाल खराब है। उन्होंने बताया कि मेरा बेटा 30 जनवरी को स्कूल गया था। स्कूल बंद होने के कारण जल्दी लौट आया।
बताया कि स्कूल से लौटे बेटे ने जूता और स्वेटर उतारकर रख दिया। चप्पल पहनकर बाहर निकलने लगा तो मैंने उससे पूछा- कहां जा रहे हो? इस पर दस मिनट में लौटने की बात कह कर चला गया, लेकिन आज तक नहीं लौटा।
बिहार के भभुआ जिले के रहने वाले एक व्यक्ति ने सूजाबाद में पिछले पांच साल से अपने दो बेटों और पत्नी के साथ रह रहे हैं। दो साल पहले उन्होंने अपना मकान बनाया है। उनका छोटा बेटा कक्षा छह का छात्र है। पास के गांव मढ़िया स्थित एक प्रायवेट स्कूल में पढ़ता है।
गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस आसपास के सीसी फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में स्कूल जाने और घर लौटने के दौरान दिखा। पुलिस के अनुसार, स्कूल से लौटने के कुछ देर बाद वह चार अन्य लड़कों के साथ देखा गया। उसके एक दोस्त ने बताया कि छात्र को भूख लगी थी, लिहाजा सभी 30 जनवरी ने पूड़ी-कचौड़ी खाई थी। इसके बाद वह घर लौट गया।