वाराणसी के जगन्नाथपुरी बाजार में बुधवार रात घर में बनी पानी की टंकी में गिरने से दो वर्षीय सनी की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा गया। मासूम की मौत से उसकी मां को ऐसा सदमा लगा है कि वह बेहोश है और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उधर, परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव की अंत्येष्टि कर दी।
लोहता थाना अंतर्गत जगन्नाथपुरी बाजार निवासी नंदलाल प्रजापति के दो बेटों में छोटा सनी घर में ही खेल रहा था। सनी की मां पूजा काम कर रही थी। सनी खेलते हुए घर में बनी पानी की छोटी टंकी के समीप पहुंच गया और उसी में गिर गया। कुछ देर तक सनी की आवाज नहीं सुनाई दी तो पूजा उसे आवाज देते हुए खोजने लगी।
सनी को खोजते हुए पूजा पानी की टंकी के समीप पहुंची तो वह उसमें औंधे मुंह गिरा दिखा। पूजा शोर मचाते हुए सनी को सीने से चिपका कर समीप ही स्थित अस्पताल गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सनी को मृत घोषित किए जाते ही पूजा अचेत हो गई तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, बदहवाश नंदलाल को परिजन संभाले हुए थे।