कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के बाद अब हर रविवार को लगने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला को फिर से शुरू करने का निर्णय स्वास्थ्य विभाग ने लिया है। शहरी और ग्रामीण इलाकों में लोगों को एक ही छत के नीचे जांच, इलाज की सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस रविवार से इसकी शुरुआत हो रही है।
स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के लिए लोगों को भटकना न पड़े, इसलिए हर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला लगाया जाता है। कोरोना की तीसरी लहर शुरू होने के बाद जनवरी से इसे स्थगित कर दिया गया था। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद का पत्र आने के बाद स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी शुरू कर दी है।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि 10 अप्रैल से 52 पीएचसी पर मेले को शुरू किया जा रहा है। मौके पर कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराया जाएगा। कोविड हेल्प डेस्क बनाने के साथ ही लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग भी होगी। सुबह 10 से 4 बजे तक मेले में आयुष्मान कार्ड बनाने, गर्भावस्था एवं प्रसव परामर्श, संस्थागत प्रसव संबंधी जागरूकता, जन्म पंजीकरण परामर्श, नवजात शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा परामर्श एवं अन्य सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।