मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि आधार क्यूआर स्कैनर से अवैध आधार की पहचान सुनिश्चित करें। कमिश्नरी में बृहस्पतिवार को प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जिला निर्वाचन का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। इसमें 24 जिलों के जिलाधिकारी ने हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि किसी मतदाता का दो जगह मतदाता सूची में नाम नहीं होने पाए। इसको सुनिश्चित करना है। इसलिए सभी लोग एक ही जगह मतदाता सूची में नाम रखना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि ईआरओ नेट एक डेटाबेस है, जिससे मतदाता सूची बनती है।
निर्वाचन आयोग के निर्देश के मुताबिक किन अधिकारियों को बीएलओ के रूप में नियुक्त करना है, उसी के अनुसार बीएलओ की नियुक्ति कराई जा रही है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सभी निर्वाचन अधिकारियों को ईआरओ की प्रभावी निगरानी के लिए बहुत मददगार साबित होगा। इसका उद्देश्य आगामी चुनावों के लिए अधिकारियों को तैयार करना है। उन्होंने संविधान के भाग-15 के विभिन्न छह अनुच्छेदों को भी बताया।
प्रशिक्षण में इन 24 जिलों के जिलाधिकारी रहे शामिल
प्रशिक्षण में वाराणसी सहित कुल 24 जिलों के जिलाधिकारी शामिल रहे। इनमें चंदौली, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, देवरिया, प्रयागराज, जौनपुर, कौशांबी, मऊ, भदोही, सोनभद्र, कुशीनगर, महराजगंज, अयोध्या, अंबेडकर नगर, संतकबीर नगर, सुल्तानपुर, अमेठी, सिद्धार्थ नगर, प्रतापगढ़, बस्ती के जिला निर्वाचन अधिकारी शामिल रहे।