दुकानदार दीपक जायसवाल ने बताया कि डाला छठ पर लाल, पीली और आकर्षक छपाई वाली साड़ियों की अधिक मांग है। इसके अलावा नए डिजाइन और रंगों के सूट भी पसंद किए जा रहे हैं। शुक्रवार और शनिवार को अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
मेजवां : फूलपुर कस्बे सहित आसपास के गांवों में डाला छठ पर्व की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। पूजा में लगने वाले सामानों की खरीद शुरू हो गई है। नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से नागा बाबा पोखरा और जय मां लक्ष्मी क्लब की तरफ से कुंवर नदी तट स्थित पिपरहा घाट की साफ-सफाई कराने का काम शुरू हो गया।
श्रद्धालु नदी और पोखरों के घाटों पर अपनी-अपनी वेदियां बना रहे हैं। डाला छठ को लेकर मान्यता है कि 14 वर्ष के वनवास के बाद जब प्रभु राम और माता सीता ने अयोध्या वापस आकर राज्याभिषेक के दौरान उपवास रखकर कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष में भगवान सूर्य की पूजा की थी, तभी से छठ पूजा शुरू हुई।
डाला छठ को लेकर घरों में तैयारी शुरू कर दी गई है। व्रत के लिए गेहूं धोकर सुखाने के साथ ही पूजन सामग्री और अन्य सामान की खरीदारी की जा रही है। छठी मइया की पूजा में इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप, दौरा, फल और दीपक की व्यवस्था कर रहे हैं। यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों की खुशहाली के लिए किया जाता है। - रेनू विश्वकर्मा
छठ पर्व को लेकर काफी उत्साह है। घरों में साफ-सफाई और पूजन की तैयारी चल रही है। बाजार में फल, सूप, दउरा और पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। धीरे-धीरे खरीदारी भी तेज हो रही है। छठी मइया से परिवार की सुख-शांति और सभी के स्वस्थ रहने की कामना करती हूं। - अर्चना सिंह
पर्व की तैयारियों में जुटा प्रशासन
नहाय-खाय के साथ शुक्रवार से डाला छठ का पर्व शुरू हो जाएगा। पर्व को लेकर कस्बे सहित गांवों में नदी और पोखरों के घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश और पेयजल के साथ सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी अभिराज सरोज ने पूजा स्थलों का जायजा लिया। आयोजकों को घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। नगर पंचायत प्रशासन लखरांव पोखरा, निरंजन कुटी और प्रभा पोखरा के घाटों पर साफ-सफाई का कार्य करवा रहा है।