किराना घराना, बनारस गायकी और ठुमरी के लब्धप्रतिष्ठ गायक पद्म भूषण और पद्श्री अलंकरण से सम्मानित पं. छन्नूलाल मिश्र अब देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से भी सम्मानित होंगे। उन्हें खयाल, ठुमरी, भजन, दादरा, कजरी और चैती जैसे लोकगीत विधाओं के गायन के लिए देश-दुनिया में जाना जाता है। उनका जन्म आजमगढ़ जिले के हरिहरपुर में 3 अगस्त 1936 को हुआ था और वे ख्यातिलब्ध तबला वादक गुदई महाराज के पोते हैं। उनको यह प्रतिष्ठित सम्मान दिए जाने की घोषणा होते ही वाराणसी के लोगों में हर्ष की लहर दौड़ गई।