लंका थाने में दर्ज मुकदमे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार, टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर विधायक सहित चार लोग चिह्नित कर लिए गए हैं। टोल प्लाजा पर मारपीट, बदसलूकी और बूम तोड़ने की घटना के दौरान विधायक भी मौजूद थे।
तीन अन्य आरोपियों को चिह्नित किया जाने का काम अभी शेष है। आरोपियों के बयान दर्ज कर उनके खिलाफ जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। पुलिस ने बताया कि दर्ज मुकदमे में सरकारी काम में बाधा डालने सहित अन्य आरोपों से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई जाएगी।
एसीपी भेलूपुर प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से मुकदमे के विवेचक ने चार आरोपियों को चिह्नित किया है। पुलिस पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच कर जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करेगी।