पूर्व सांसद धनंजय सिंह के जमानत प्रार्थना पत्र पर हाईकोर्ट में सात अगस्त को सुनवाई से ठीक पहले सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के प्रोजेक्ट मैनेजर के अपहरण व रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी।
नमामि गंगे योजना के तहत शहर के पचहटिया में बन रहे सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिनव सिंघल ने 10 मई की रात लाइन बाजार थाने में तहरीर देकर पूर्व सांसद धनंजय सिंह और उनके सहयोगी विक्रम सिंह पर अपहरण कर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था।
इसके कुछ ही देर बाद भारी फोर्स ने शहर के कालीकुत्ती स्थित पूर्व सांसद के आवास पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। अगले दिन उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। इसके बाद से ही पूर्व सांसद जिला जेल में बंद हैं।
घटना के कुछ दिन बाद ही वादी अभिनव सिंघल ने कोर्ट में शपथ पत्र और फिर मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान में अपने साथ हुई घटना से इंकार किया था, मगर तब तक धनंजय सिंह की जमानत अर्जी जिला न्यायालय से खारिज हो चुकी थी।
इसी बयान के आधार पर पिछले दिनों मामले में सह आरोपी विक्रम सिंह को स्थानीय कोर्ट से जमानत मिल गई थी। सात अगस्त को जमानत अर्जी पर हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। इससे ठीक पहले विवेचक ने कोर्ट में धनंजय सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है।