चौक थाना क्षेत्र स्थित चंद्रघंटा गली में सोमवार को भोर में 5 बजे माता चंद्रघंटा मंदिर के प्रवेश द्वार को बीती रात एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे प्रवेश द्वार धराशायी हो गया। यह द्वार स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनाया गया था। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।
मंदिर पुजारी सूरज गोस्वामी ने बताया कि साड़ी लेकर आए ट्रक को बैक करते समय ड्राइवर की लापरवाही के चलते ट्रक सीधे प्रवेश द्वार से टकरा गया। आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत घटना की सूचना चौक थाने में दी। पुलिस टीम ने पहुंचकर ट्रक और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। ट्रक स्थानीय साड़ी व्यापारी के यहां माल पहुंचाने आया था। पुलिस ने बताया कि ट्रक के मालिक ने प्रवेश द्वार को स्वयं के खर्चे पर बनवाने की बात कही है।