दोनों होमगार्ड का शव पहुंचा घर तो मची चीख-पुकार
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर निवासी होमगार्ड रामनरायन पांडेय उर्फ चौधरी गुरु (45) और सुरेश विश्वकर्मा (45) का शव सोमवार की शाम उनके घर पहुंचा तो चीख-पुकार मच गई। दोनों होमगार्ड के परिजनों को ढांढ़स बंधाने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी हुई थी। दोनों होमगार्ड की अंत्येष्टि सरसौल घाट पर की गई।
महाकुंभ को लेकर दोनों होमगार्ड की लगी थी ड्यूटी
महाकुंभ में आने-जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर दोनों होमगार्ड की ड्यूटी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर लगी थी। सोमवार की सुबह ड्यूटी करके दोनों होमगार्ड एक ही बाइक से घर जा रहे थे। चंदौली के मुगलसराय थाने की जलीलपुर पुलिस चौकी के सामने खड़े ट्रेलर से दोनों होमगार्ड की बाइक टकरा गई। उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाए जाने पर दोनों होमगार्ड की मौत हो गई।