सीएम बनने के बाद पहली बार चंदौली पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि चंदौली जिले में विकास के इतने काम होंगे जितने पिछले चालीस साल में नहीं हुए हैं।
ये बातें उन्होंने 300 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान बुधवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के मैदान में उपस्थित जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। इसका उदाहरण है कि सात माह के कार्यकाल में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। जिस अपराधी ने सिर ऊंचा करना चाहा उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया।
वे निधार्रित समय से एक घंटे बीस मिनट विलंब से दिन में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सकलडीहा चंदौली मार्ग पर स्थित रेलवे क्रासिंग पर दो लेन उपरिगामी सेतु निर्माण का शिलान्यास करते हुए कहा कि जनपद को और भी विकास से संतृप्त किया जाएगा।
कहा कि ट्रामा सेंटर के लिए मुगलसराय के समीप हाइवे पर निर्माण की स्वीकृति दे दी गई है। इसके अतिरिक्त उन्होंने 11 परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया।
छह बड़ी परियोजनाओं में ट्रामा सेंटर, चहनियां जमानिया मार्ग और बबुरी धरौली मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, सदर ब्लाक के बनौली खुर्द और नियामताबाद के खजूर गांव में पांच केवीए क्षमता के उपकेंद्र का निर्माण और राज्य वित्त योजना के तहत मुगलसराय नगर पालिका क्षेत्र के राज मेडिकल से रेलवे नाला तक पाथवे का निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था का शिलान्यास किया।
इसके अतिरिक्त सीएम ने सौ करोड़ की अन्य योजनाओं का लाभ भी जनपद के गरीब और पिछड़े लोगों को दिया। इसके लिए उन्होंने सांसद और प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय, विधायक साधना सिंह, सुशील सिंह और शारदा प्रसाद का आभार व्यक्त किया।