नई शिक्षा नीति पर बीएचयू समेत देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों द्वारा रविवार को मंथन किया जाएगा। यूजीसी हयूमन रिसोर्स डेवलपमेंट सेंटर बीएचयू की ओर से ऑनलाइन होने वाले कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी। इस दौरान बीएचयू के चांसलर न्यायमूर्ति गिरधर मालवीय का विशेष उद्बोधन होगा।
यूजीसी ह्यूमन रिसोर्स डेवलेपमेंट सेंटर के डायरेक्टर प्रो. प्रवेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-एक झलक विषय पर करीब 40 विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल होंगे। असम केंद्रीय विश्वविद्यालय तेजपुर से प्रो. वीके जैन, बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय गया के प्रो. एचसीएस राठौर, गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरएस दूबे, अरुणाचल केंद्रीय विश्वविद्यालय से प्रो. साकेत कुशवाहा, पंजाब केंद्रीय विवि से प्रो. आरपी तिवारी, बलिया विश्वविद्यालय से प्रो. कल्पलता पांडेय, पूर्वांचल विश्वविद्यालय से प्रो. निर्मला मौर्या आदि शामिल होंगे।